जिंदगी की जंग लड़ रहा अभिषेक बंसल
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया कला में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। 17 वर्षीय अभिषेक बंसल पर अज्ञात हमलावरों ने ऐसा अमानवीय अत्याचार किया कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक शुक्रवार शाम गांव से अचानक लापता हो गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले तो रात करीब 10 बजे वह गांव के पास नदी किनारे अचेतावस्था में पड़ा मिला। उसकी हालत देखकर घरवाले सिहर उठे — शरीर कई जगह से झुलसा हुआ, हाथ अकड़े हुए और कपड़े फटे हुए थे।

परिजन तुरंत उसे सुल्तानगंज ले गए, जहां से उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत नाजुक होने पर बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, अभिषेक के शरीर पर ऐसे घाव हैं जिनसे साफ नहीं हो पा रहा कि उस पर तेजाब फेंका गया या करंट लगाया गया।
घायल अभिषेक ने शुरुआती बयान में सुल्तानगंज पुलिस को कुछ बातें बताई थीं, लेकिन बाद में उसकी हालत बिगड़ने से वह बोलने की स्थिति में नहीं रहा। परिजनों का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए यह हमला रहस्य बना हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। पूरा क्षेत्र इस दिल दहला देने वाली वारदात से सन्न है।