– जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया
रायसेन।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस विजयदशमी पर अपना शताब्दी वर्ष पूरा कर रहा है। इस वर्ष में संघ ने पूरे साल के लिए विभिन्न कार्यक्रम तय किए हैं। इसी क्रम में विजयदशमी पर्व पर गुरुवार को शहर में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के आठ बस्तियों से अलग अलग पथ संचलन निकाले गए।सभी पथ संचलन का समागम सागर तिराहे पर हुआ।इसके बाद सभी एक साथ दशहरा मैदान पहुंचे।
आरएसएस के सभी स्वयंसेवक पूरी गणवेश के साथ कदमताल करते हुए इस पथ संचलन में भाग लेते नजर आए। शहर के विभिन्न मार्गों से यह पथ संचलन निकला। इस दौरान गणमान्य नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया।

इस पथ संचलन में बड़ी संख्या में गणवेश धारी स्वयं सेवक कतारबद्ध होकर समापन स्थल दशहरा मैदान पर पहुंचे। समापन स्थल पर संघ के मध्यभारत प्रांत के प्रांत कारवाह हेमंत सेठिया ने शस्त्र पूजन की और स्वयं सेवकों को संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि श्रीश्री १०८ श्री शंकरानन्द महाराज सगर झिरी आश्रम और जिला संघ चालक दिनेश शर्मा मौजूद रहे।