सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम बिलवानी स्थित दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मंदिर से माता की मूर्ति से चांदी के आभूषण और अन्य सामान चुराकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात चोरों ने बिलवानी दुर्गा मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार और एक अन्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे दुर्गा माता की मूर्ति से चांदी का मुकुट, हार, बेंदी, मंगलसूत्र, नथ, और कान के झुमके चुरा ले गए। इसके अलावा, मंदिर में रखी एक तलवार और कुछ अन्य सामान भी चोरी हुआ है। ग्रामीणों ने मंदिर से एक लाख से अधिक के सामान चोरी होने का अनुमान लगाया है।
यह मंदिर गांव से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्थित है और यहां कोई रुकता नहीं है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर में चोरी हुई हो; इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं मिला है। मंदिर के पुजारी प्रेमशंकर ने बताया कि एक दिन पहले वे गुरुवार शाम को आरती के बाद गांव लौट गए थे। शुक्रवार सुबह जब कुछ ग्रामीण श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने ताले टूटे देखे और इसकी जानकारी पुजारी व अन्य ग्रामीणों को दी।
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।