– समिति ने कलेक्टर को हस्तक्षेप के लिए लिखा पत्र
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की ग़ैरतगंज तहसील के क़स्बा गढ़ी स्थित सर्वाधिक गौवंश वाली गौशाला में गौवंश को बीमारियों का उपचार नहीं मिल पा रहा है। समय पर नियमित उपचार न मिलने से गाय बीमार पड़ रहीं हैं जिससे प्रबंधन परेशान है। समिति ने कलेक्टर को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
कस्बा गढ़ी में श्रीकामधेनु गौशाला संचालित है। यहां क्षमता से अधिक लगभग 1200 गौवंश है। गौशाला का संचालन समिति द्वारा किया जाता है। काफी समय से पशु चिकित्सा विभाग द्वारा यहां रहने वाली गाय को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। वहीं चलित इकाई के भी मनमाने ढंग से कार्य करने के कारण गौशाला को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिसके कारण बीमार पड़ने वाली गाय को समय पर नियमित उपचार नहीं मिल पा रहा है। प्रबंधन संभालने वाली समिति जैंसे तैसे जुगाड़ कर पशुओं का उपचार कर रही है। स्थानीय पशु चिकित्सा विभाग की अनदेखी की वजह से यह हालात बने हैं। समिति के अध्यक्ष इंद्रेशकुमार दीक्षित ने इस समस्या को लेकर कलेक्टर रायसेन को पत्र लिखा है तथा हस्तक्षेप कर पशु चिकित्सा विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में यही एक मात्र गौशाला है जो बड़ी संख्या में गौवंश को आसरा दिए हुए है तथा इस गौशाला की मदद से आवारा मवेशियों की समस्या पर कुछ हद तक नियंत्रण हो पाया है।
पूर्व में लिख चुके कलेक्टर को पत्र, नहीं सुधरी व्यवस्था
समिति के अध्यक्ष इंद्रेश कुमार दीक्षित ने बताया कि पूर्व वर्ष में भी उपचार व्यवस्था न मिलने को लेकर कलेक्टर व विभाग को पत्र लिख चुके हैं परंतु व्यवस्था नहीं सुधरी है। इसके अलावा हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।