रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
आगामी गणेश उत्सव को लेकर नगर में शांति, कानून व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव, sdop शीला सुराणा थाना प्रभारी सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे तहसीलदार हेमंत शर्मा ने उपस्थित जनों से कहा कि गणेश उत्सव नगर की आस्था और उल्लास का पर्व है, अतः इसे शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान मूर्ति स्थापना, शोभायात्रा मार्ग, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी, स्वच्छता एवं सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन ने समिति सदस्यों से अपील की कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय सीमा तक ही किया जाए तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक लगाने में प्रशासन को सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक में नगर पालिका अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि गणेश उत्सव के दौरान सफाई, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शांति समिति की इस बैठक में विभिन्न समाजों एवं गणेश मंडलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
शांति समिति की बैठक में मंडीदीप नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये वहीं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उचित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया!