शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज थाना अंतर्गत ग्राम खिरिया में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्र स्कूल से गांव आते समय कोलूघाट नाले को पार करते समय पानी के तेज बहाव में साइकिल सहित फंस कर बह गया । घटना आज दोपहर करीब 3 बजे की हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एव होमगार्ड टीम ने करीब तीन घण्टे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जिसके बाद शाम करीब 6 बजे नाले में छात्र का शव झाड़ियों में फंसा हुआ मिल गया । मृतक 13 वर्षीय छात्र पवन कुशवाहा पिता सीताराम कुशवाहा अपने गांव से 2 किलोमीटर दूर ग्राम उमरखोह की शा.मा.शाला में कक्षा 7 वीं में अध्ययनरत था।
मृतक छात्र के साथ पढ़ने वाले नीलेश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि नाले पर पानी अधिक होने के कारण उसने पवन को मना किया था कि नाला पार मत करो लेकिन वह बोला कि पानी कम है, हम लोग साइकिल से है, निकल जाएंगे और आगे बढ़ गया बीच नाले पर पहुंचते ही उसका संतुलन बिगड़ा और उसकी साइकिल बहने लगी जिसे पकड़ने के चक्कर में वह भी पानी की तेज धार में बहकर आगे निकल गया ।हम लोग चिल्लाते रहे लेकिन देखते ही देखते वह हम लोगों की आंखों से ओझल हो गया था।

-थाना प्रभारी राजीव उइके पुलिस बल एवं रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और पानी के तेज बहाव में बह गए बालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी लेकिन 3 घंटे व्यतीत होने के बाद बालक का शव खोज लिया। कोलूघाट नाला पहाड़ी नाला है जो बर्रीखुर्द से होते हुए बीना नदी में जाकर मिलता है और आज पानी ज्यादा गिरने के कारण सभी नदी नाले उफान पर हैं। जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी टीम को उसे खोजने में दिक्कत हुई ।
गोताखोरों की टीम बराबर चप्पे-चप्पे पर उसकी तलाश में जुटी रही अंततः उसके शव को खोज निकाला ।
लापता छात्र की चप्पल एवं साइकिल पहले ही मिल गई थी । थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।