मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित क्षेत्र मे इस साल सबसे ज्यादा ग्रामीणों के आवास स्वीकृत हुए हैं। कई ग्रामीणों को पहली, दूसरी तो कई ग्रामीणों को तीसरी किस्त मिल चुकी है। कई ग्रामीणों के मकान में काम चल रहा था लेकिन कई ग्रामीणों की किस्त नहीं आने से मकान अधूरे पड़े हुए हैं। शंभू दयाल शाक्या, गगन शाक्या, गणपत शाक्या दीवानगंज निवासी ने बताया है कि मकान के पैसे नहीं आने से मकान हमारे अधूरे पड़े हुए हैं। बारिश में ज्यादा समस्या आ रही है अगर किस्त समय पर आ जाती तो मकान तैयार कर रहने लगते।

जबकि अंबाडी निवासी अरुण सेन ने बताया कि मेरे पिताजी और मेरे मकान की छत डल चुकी है लेकिन आगे की किस्त नहीं आने से काम अधूरा पड़ा हुआ है। हमारा ही नहीं अंबाडी के कई ग्रामीणों की किस्त नहीं आई है जिससे मकान अधूरे हैं। इसी तरह सेमरा पंचायत का भी यही हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में फोन लगाकर पूछते हैं तो बताया जाता है कि अभी बजट नहीं है इसलिए आगे की किस्त नहीं आ पा रही है जैसे ही बजट आएगा किस्त आने लगेगी। हम सब ग्रामीण ग्रामीण बैंक में जा जाकर परेशान हो रहे हैं मगर आगे की किस्त नहीं आ रही है।
इस साल ग्राम पंचायत दीवानगंज में 48, ग्राम पंचायत अंबाडी में 150, ग्राम पंचायत सेमरा में 41 ग्रामीणों के नाम आवास योजना के अंतर्गत आए हैं। जो पात्र लोग रह गए हैं उनका सर्वे भी पंचायत द्वारा किया जा चुका है। जिनको आने वाले वर्ष में योजना का लाभ मिलेगा।

इनका कहना हे
मुझे जो किस्त मिली थी उससे मकान के ऊपर छत डलवा दी है। दीवार उठाकर प्लास्टर करना है मगर आगे की किस्त नहीं आने के कारण काम अधूरा पड़ा हुआ है। अगर समय पर किस्त पूरी आ जाती तो मकान तैयार हो जाता।
अरुण सेन ग्राम अंबाडी निवासी
मैं बैंक के कई चक्कर लगा चुका हूं मगर आगे की किस्त नहीं आ रही है जिससे मकान अधूरा पड़ा हुआ है जो कच्चा मकान है उसमें रहकर बारिश निकल रहे हैं अगर समय पर किस्त आ जाती तो पक्के मकान में रहने लगते
शंभू दयाल शाक्या दीवानगंज निवासी