सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
श्रावण मास के पहले सोमवार को गैरतगंज नगर में पहली बार भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान महाकाल का शिवाभिषेक किया।

सकल हिंदू परिवार के तत्वावधान में निकाली गई यह विशाल शोभायात्रा नगर के टेकापार कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई। चल समारोह में सैकड़ों श्रद्धालु अपने हाथों में नर्मदा का पावन जल लेकर कांवड़ उठाए हुए चल रहे थे। भगवान महाकाल की पालकी को श्रद्धालुओं ने अपने कंधों पर उठाकर पूरे नगर में भ्रमण कराया। शोभायात्रा की मुख्य विशेषता भगवान शंकर के रूप में बनाई गई मनोहारी सजीव झांकी थी, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। ढोलक की थाप पर भगवान शंकर के भक्त के रूप में दर्जनों युवा डमरू की थाप पर अपने कर्तव्य दिखाते हुए चल रहे थे, जिससे माहौल में और अधिक उत्साह भर गया। धार्मिक गीतों से गूंजता डीजे और लहराते भगवा ध्वज ने नगर को पूरी तरह से धर्ममयी कर दिया।

चल समारोह का सनातन हिंदू संगठन सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती चल रही थीं, वहीं युवाओं में भगवान शंकर के जयकारों का अद्भुत जोश देखने को मिला। शोभायात्रा में शामिल महाकाल की सवारी और कांवड़ यात्रा पूरे नगर में भ्रमण करते हुए धनगवां रोड स्थित 12 ज्योतिर्लिंग शिव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने कांवड़ में लाए नर्मदा जल से भगवान शिव का विधिवत अभिषेक किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।