अंकित कुशवाह मंडीदीप रायसेन
राजा भोज शासकीय महाविद्यालय में प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि जीवंत परिसर ही विकसित और समृद्ध भारत की नींव हैं। परिसर संस्कृति को जीवंत एवं आनंदमयी बनाने के लिए नए नए प्रयोग प्रारंभ करने पड़ेंगे। प्रदेश में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव बंद हैं यह भी कहीं न कहीं परिसर की नीरसता का कारण है सरकार को प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने चाहिए जिससे स्वाभाविक नेतृत्व निकल कर सामने आयेगा । शासकीय महाविद्यालय राजा भोज, मंडीदीप में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रियंका अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत मंत्री श्री केतन चतुर्वेदी ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनभागीदारी अध्यक्ष रामनिवास पाल ने की, वहीं जनभागीदारी समिति के अन्य सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य वक्ता श्री केतन चतुर्वेदी ने युवाओं को शिक्षा और समाजसेवा के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। वहीं, मुख्य अतिथि प्रियंका अग्रवाल ने महाविद्यालय में हो रहे शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा समस्त आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों को सफल आयोजन हेतु बधाई दी।