– मिनी करीला भानपुर गंज में बुधवार को रंगपंचमी पर होगा मेले का आयोजन
– सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के भानपुरगंज गांव स्थित माता जानकी एवं लवकुश मंदिर मिनी करीला धाम में बुधवार 19 मार्च को रंगपंचमी के अवसर पर मिनी करीला मेला भरेगा। सोमवार को कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा एवं एसपी पंकज पांडे ने आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हर साल तहसील के भानपुर गंज में रंगपंचमी को लगने वाले मिनी करीला मेले का आयोजन बुधवार 19 मार्च को होगा। स्थानीय प्रशासन व मेला समिति इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। सोमवार को इस विशाल आयोजन की तैयारोयों का कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा एवं एसपी पंकज पांडे ने जायजा लिया। मेले की तैयारियों को लेकर मेला व मंदिर परिसर का जायजा लेते हुए कलेक्टर व एसपी ने स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा कहा कि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाए। उन्होंने मेला समिति के सदस्यों से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी ली। स्थानीय समिति सदस्यों ने कलेक्टर को बताया कि मिनी करीला मंदिर में रंगपंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रृद्धालू पहुंचते हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पल्लवी वैद्य, एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने लोगों से कहा कि सभी समिति सदस्य आयोजन की व्यवस्था बनाने में प्रशासन को सहयोग करें। अनुमान है कि इस बार आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन स्थल पर महायज्ञ का आयोजन भी मंगलवार से प्रारंभ हो जाएगा।
मनोकामना पूर्ति के लिए आते हैं लोग
रंगपंचमी पर होने वाले इस आयोजन में लोग अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए माता जानकी एवं लवकुश मंदिर पर मत्था टेकने आते हैं। वहीं यहां मनोकामना पूर्ति पर लोकनृत्य राई बधाई के रूप में कराया जाता है। बड़ी संख्या में नर्तकियां इस आयोजन में शामिल होने के लिए यहां आतीं हैं।