उवेश खान सिलवानी रायसेन
रायसेन जिले की सिलवानी विधानसभा में स्थित प्रतापगढ़ बालक आश्रम छात्रावास की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। यहां रहने वाले मासूम आदिवासी बच्चे जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर मूकदर्शक बना बैठा है।

छात्रावास की छतें कभी भी गिर सकती हैं, दीवारें लगातार दरक रही हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। अधीक्षक हरिशरण व्यास इन खतरों को नजरअंदाज कर अपनी कुर्सी से चिपके बैठे हैं। जयस संगठन ने रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को सिलवानी दौरे के दौरान इस लापरवाह अधीक्षक को हटाने की मांग की थी।

लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह से जब उवेश रिपोर्टर की टीम ने सवाल किया कि आखिर कब होगी अधीक्षक पर कार्रवाई? तो उनका जवाब था, जांच करवा रहे हैं, कार्रवाई होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रावास को बंद करवाने की साजिश की जा रही है। बच्चों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रहीं, लेकिन शासन प्रशासन और अधिकारी सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त हैं।
सवाल यह है कि यह जांच कब पूरी होगी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अधीक्षक हरिशरण व्यास पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है, फिर भी उन्हें तीन-तीन छात्रावासों की जिम्मेदारी देकर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह साफ हो जाएगा कि गरीब आदिवासी बच्चों की जिंदगी सरकार के लिए कोई मायने नहीं रखती। जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह लापरवाही जारी रहेगी और मासूम बच्चे इसी खतरनाक माहौल में जिंदगी जीने को मजबूर रहेंगे। प्रशासन जागेगा या कोई बड़ा हादसा प्रशासन की नींद तोड़ेगा?