बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी मे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (ए आई) पर एक पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ वीणा सत्य ने बताया कि महाविद्यालय में आईआईटी दिल्ली के द्वारा ए आई पर दो सर्टिफिकेट कोर्स का संचालन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देश अनुसार महाविद्यालय में एक ए आई क्लब का गठन किया गया है। जिसका उद्देश्य महाविद्यालय मे कोर्स में पंजीकृत विद्यार्थीयो के अतिरिक्त अन्य विद्यार्थियों को ए आई के उपयोग और लाभो से अवगत कराना है।

क्लब के द्वारा प्रथम गतिविधि के रुप मे महाविद्यालय में एक ए आई पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन भौतिकी विभाग में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय महाविद्यालय कुक्षी के प्राध्यापक डॉ. जी एस चौहान तथा अध्यक्ष के रुप मे डॉ के एस बघेल उपस्थित थे। विद्यार्थियों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न क्षेत्रों में अनुप्रयोगों का प्रदर्शन पोस्टर के माध्यम से किया गया।

डॉ चौहान ने वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न अनुप्रयोगों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि शैक्षिक प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी की मदद से शैक्षणिक प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे छात्रों के कौशल को कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान कर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। डा बघेल ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित कोर्स का महत्व बताते हुए इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रेरित किया ।

नोडल अधिकारी डॉ श्याम नाईक ने बताया, कि प्रदर्शनी के पोस्टरों का निर्माण तथा कक्षाओ का संचालन कंप्यूटर साइंस लैब में डा आदित्य शुक्ला, प्रो अमित कुशवाह तथा श्री अंशुल पंडित के देख रेख में किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ अर्पिता पटेल तथा आभार डॉ कपिल अहीरे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रो रेवल सिंह खरत, डॉ कनु बड़ोले, दिनेश नरगांवे, देवकृष्ण कोचे, विजय सोराडा तथा बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थिति रहे।