– गारंटी भूल मेंटेनेंस पर भी ध्यान नहीं दे रहा विभाग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र की खिड़की गोपालपुर प्रधानमंत्री सड़को की हालत इन दिनों बदतर है। विभागीय अनदेखी के चलते निर्माण के समय ठेकेदारों द्वारा घटिया निर्माण किया गया, वहीं अब गारंटी को भूल विभाग भी ठेकेदारों से इनके सुधार का कार्य नहीं करा पा रहा है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रो में आवागमन में परेशानी हो रही है।
मुख्य सड़क मार्गो से ग्रामीण क्षेत्रो को जोड़े जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना में गैरतगंज तहसील क्षेत्र में भी दर्जनों सड़को का निर्माण हुआ है। जिनमें मुख्य रूप से गैरतगंज से खिड़की गोपालपुर प्रधानमंत्री सड़को की हालत इन दिनों दयनीय है। इन सड़कों को विभाग द्वारा ठेकेदार की मदद से बना तो दिया परन्तु उनकी देखरेख की तरफ कोई ध्यान नही दिया गया। इन सड़कों के निर्माण में विभाग एवं ठेकेदार की मिलीभगत से जमकर घटिया निर्माण कर लाखों का बंदरबांट किया गया। जिससे ये सड़कें खराब हो गईं हैं।

नियमानुसार इन सड़कों के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी निर्माण करने वाले ठेकेदार की होती है परंतु मेंटेनेंस के नाम पर ठेकेदारों ने कुछ नहीं किया, नतीज़तन सड़कें क्षार क्षार हो गईं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की सुविधा देने वाली ये सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इसके बावजूद इनका मेंटेनेंस नहीं कराया जा रहा है। वर्तमान में हालात खराब है और सड़कों पर गड्ढों के बीच धूल उड़ रही है।

दर्जनों सड़कों की हालत खराब
तहसील के अंतर्गत दर्जन भर से ज्यादा प्रधानमंत्री सड़कें रखरखाव के अभाव में खराब हालत में पड़ी हैं। विभागीय मॉनिटरिंग के अभाव एवं ठेकेदारों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते दिन प्रतिदिन सड़कें खराब हो रही हैं तथा ग्रामीण आवागमन में परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने उठाई सुधार की मांग
ग्रामीण मोहरसिंह, इकराम अली, नारायण, महेश कुमार, संदीप पटेल, किरोड़ीलाल ने जिला कलेक्टर से प्रधानमंत्री सड़कों के मेंटेनेंस कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लाखों खर्च होने के बाद भी हमें अच्छी सड़क नसीब नहीं हो पा रही है।