– तीन सदस्यीय कमेटी में अरुण यादव को बनाया संयोजक, सज्जन वर्मा-शैलेन्द्र पटेल बने सदस्य
अनुराग शर्मा सीहोर
भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुदनी को जितने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश के दिग्गज नेता अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा और शैलेन्द्र पटेल पर विश्वास जताया है। बता दें कांग्रेस ने बुदनी उपचुनाव के लिए कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी का संयोजक पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव को बनाया है, जबकि सदस्य के रूप में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा व पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल को जिम्मेदारी सौंपी है।
गौरतलब है कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बुदनी विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद से यह सीट रिक्त है। इस सीट पर अब उपचुनाव होना है, जिसके लिए दोनों ही प्रमुख दलों द्वारा तैयारियां की जा रही है। पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल ने बताया कि बुदनी विधानसभा मेें होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव को संयोजक बनाया है, जबकि पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा व मैं स्वयं इस कमेटी में सदस्य हूं।
समिति को यह जिम्मेदारी
बुदनी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के पास दावेदारों की लंबी चौड़ी फौज है तो वहीं कांग्रेस के लिए इस सीट पर जिताऊ चेहरा चुनना एक बड़ी चुनौती है, ऐसे कांग्रेस द्वारा गठित की गई तीन सदस्यीय इस कमेटी पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। इस कमेटी को बुदनी विधानसभा में जिताऊ चेहरा चुनना है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव को यहां संयोजक बनाए जाने के पीछे जो कारण निकलकर सामने आ रहा है, वह यह है कि पूर्व मंत्री यादव बुदनी विधानसभा सीट से तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें इस चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा था, लेकिन यादव ने अच्छे खासे वोट अर्जित किए थे।
भाजपा भी तैयारी में, 8 को आएंगे सीएम-पूर्व सीएम
उपचुनाव के लिए इधर भाजपा ने भी कमर कस ली है। आने वाली 8 तारीख को बुदनी के भैरुंदा में सीएम डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अनेक मंत्री पहुंच रहे हैं। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनेक हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इन जनप्रतिनिधियों के दौरे के बाद यहां कभी भी चुनाव तारीखों का ऐलान हो जाएगा।