भौतिक विकास और महिला सशक्तिकरण से देश के टॉप-5 शहरों में शुमार होगा रीवा : उप मुख्यमंत्री
रीवा ।महिला उद्यमियों को एक बड़ा मंच प्रदान करने और उनके हुनर को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से शहर के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय रीवा हाट के तीसरे सीजन का गत दिवस उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने शुभारंभ किया। इस आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए विशेष फूड जोन के साथ-साथ ओपन स्टेज भी तैयार किया गया है, जहाँ आगंतुक और प्रतिभागी बढ़-चढ़कर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मेले में रीवा के अलावा भोपाल, इंदौर, आगरा और प्रयागराज सहित अन्य महानगरों से आईं महिला उद्यमियों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी कला व स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने मेले में विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा के नागरिक और विशेषकर हमारी मातृशक्ति कितनी सजग हैं और ओनरशिप ले रही हैं, यह रीवा हाट बाजार इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। महिलाओं को सही प्लेटफॉर्म, विजिबिलिटी और मार्केट उपलब्ध कराया जाए ताकि उनका हौसला और व्यापार दोनों बढ़ सकें। महिलाओं द्वारा घर में तैयार किए जा रहे शानदार प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग के लिए इस तरह के आयोजन बेहतरीन मंच साबित हो रहे हैं। रीवा में भौतिक विकास तेज़ी से हो रहा है और आने वाले दिनों में यह गति और भी तेज होगी। आने वाले दिनों में रीवा देश के सबसे विकसित शहरों के टॉप-5 शहरों में शामिल होगा। रीवा में बाईपास निर्माण का दूसरा वर्जन शुरू होने जा रहा है। आने वाले दिनों में रीवा मध्य प्रदेश का ऐसा पहला संभागीय मुख्यालय होगा, जिसका फोर-लेन और एट-लेन रिंग रोड सबसे पहले तैयार होने वाला है। वर्तमान में 3 लाख एकड़ में सिंचाई का पानी पहुंच रहा है, जो अगले 1 से 2 वर्षों में बढ़कर 6 लाख से 9 लाख एकड़ होने वाला है। इससे क्षेत्र में अभूतपूर्व समृद्धि आएगी, किसानों के पास पैसा आएगा, बाजार में खरीद-बिक्री बढ़ेगी, मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बन रहे 10 मंजिला आईटी पार्क के संबंध में बड़ी-बड़ी आईटी कंपनियां अभी से बुकिंग के लिए पूछताछ कर रही हैं। इससे बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में नौकरी करने जाने वाले हमारे लगभग एक हजार स्थानीय बच्चों को रीवा में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा, रेलवे कनेक्टिविटी के माध्यम से विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति का नया दौर शुरू हो रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के इन कार्यों के साथ-साथ हमें नशे जैसी सामाजिक बुराईयों को भी रीवा से दूर करना होगा। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ इस दिशा में समाज और युवाओं को भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए, जिससे रीवा एक आदर्श, सुरक्षित और प्रगतिशील शहर बन सके।