नवरात्रि के पांचवें दिन भक्तिमय हुआ माहौल, छोटी-छोटी कन्याओं और महिलाओं ने नंगे पैर चलकर माता रानी को अर्पित की चुनरी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी में शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन माता रानी की भक्ति और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। यहां मुन्ना जैन के नेतृत्व में 1100 फीट लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, पुरुषों और छोटी-छोटी कन्याओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। माता रानी के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया।
चुनरी यात्रा की शुरुआत अयोध्या धाम मंदिर से हुई। यहां से यात्रा गणेश मंदिर, साहू मंदिर, शिव पार्वती सहित गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पहाड़ी पर स्थित मढ़ माता मंदिर पहुंची। यात्रा में सबसे आगे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं पीछे-पीछे महिलाएं, पुरुष और छोटी-छोटी कन्याएं हाथों में चुनरी लेकर माता की भक्ति में लीन नजर आए।

नंगे पैर चलकर माता के दरबार पहुंचे श्रद्धालु
यात्रा में शामिल छोटी-छोटी कन्याओं, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने नंगे पैर करीब पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा की। श्रद्धालु पूरे रास्ते माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पहाड़ी पर स्थित मढ़ माता मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से चुनरी माता रानी को अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
आरती के बाद हुआ प्रसाद वितरण
मढ़ माता मंदिर में चुनरी यात्रा के समापन के बाद शाम को माता रानी की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नवरात्रि के अवसर पर निकाली गई इस चुनरी यात्रा ने गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया।