दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा के किसान बारिश का इंतजार करते-करते परेशान, धान रोपाई पर संकट
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
जून समाप्त हो गया, लेकिन दीवानगंज क्षेत्र में अब तक झमाझम बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। रोजाना आसमान में काले बादल तो छा रहे हैं, लेकिन कुछ बूंदें गिराकर बिना बरसे ही लौट जा रहे हैं। इससे खरीफ सीजन की सबसे महत्वपूर्ण फसल धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र के किसानों ने धान रोपाई की पूरी तैयारी कर ली है। खेतों में गड़ा (कीचड़) बनाने से लेकर पौध तैयार करने तक का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अच्छी बारिश नहीं होने के कारण अधिकांश किसान रोपाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
कई किसान मजबूरी में ट्यूबवेल के पानी से खेत भरकर धान की रोपाई कर रहे हैं, जिससे उनकी लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा नहीं है, वे केवल अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही झमाझम बारिश नहीं हुई तो धान की रोपाई में देरी होगी, जिसका असर फसल की पैदावार पर भी पड़ सकता है। लगातार सूखे जैसे हालात बनने से किसानों के चेहरों पर चिंता साफ दिखाई दे रही है। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें मानसून की मेहरबानी पर टिकी हैं, ताकि खेतों में फिर से हरियाली लौट सके।
निवास मीणा, सुरेश साहू, दिनेश साहू, मुकेश साहू, मुकेश नायक, अमित मीणा, जितेंद्र साहू किसानों का कहना है कि 15 जून से लगातार हम किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अब तक दीवानगंज क्षेत्र में बारिश नहीं हुई है जिस कारण दिना दिन फ़सले लगाना लेट हो रही है। ट्यूबवेल से खेत में पानी डालते हैं तो 24 घंटे बाद खेत फिर से सुखा दिखने लगता है। ट्यूबवेलो में भी पिछले साल की तुलना में इस साल पानी कम हो गया है ऐसे में धान लगाना अब मुश्किल होने लगा है। ऐसे ही हालात रहे तो इस साल धान का उत्पादन काम होगा।