– महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक, एक दर्जन से ज्यादा गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
मंगलवार देर शाम गणेश घाटी पर धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 26 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है। एक दर्जन से ज्यादा गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भिलाड़िया के ग्रामीण गैरतगंज तहसील के सिद्ध क्षेत्र पठरिया धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की पूर्णाहुति में शामिल होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भोपाल सागर मुख्य सड़क मार्ग पर गढ़ी और मुदियाखेड़ा के बीच स्थित गणेश घाटी पर शाम करीब 7 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को उपचार के लिए गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अंकित जैन, तहसीलदार नरेशसिंह राजपूत, थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया, गढ़ी चौकी प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा सहित राजस्व और पुलिस का अमला सिविल अस्पताल पहुंचा और घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी घायल मजदूर तबके के लोग हैं, जिनमें आदिवासियों की संख्या अधिक है।

एसडीएम का बयान
एसडीएम अंकित जैन ने बताया कि फिलहाल घायलों का उपचार प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं के तहत यदि किसी प्रकार का लाभ मिलना होगा तो उसकी प्रक्रिया कराई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी करने से बचें और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
गंभीर घायलों के नाम
वंश (7), प्रज्ञा (8), अजुद्दी बाई (45), जमना बाई (40), विमला बाई (35), अंजली धुर्वे (13) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है।
अन्य घायलों के नाम
कार्तिक, विपिन, दिव्यांशी, देव, कला बाई, काव्या, मोनिका, हरिराम, देवा बाई, अमित, अजय, अरुण, पप्पी बाई, अंजू, संध्या, पूजा, राम बाई, छवि, कृष्णा।