घने कोहरे की चादर में लिपटा हाईवे-18, 50 मीटर से भी कम रही दृश्यता ,वाहन चालकों ने दिन में भी जलाई हेडलाइट
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर और घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। सुबह और देर रात के समय हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सावधानी से सफर करना पड़ा। हाईवे पर चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों ने बताया कि अचानक सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना मुश्किल हो रहा था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे के अंधे मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि कोहरे के दौरान हादसों को रोका जा सके। बता दे कि क्षेत्र में पिछले सप्ताह में दो दिन देर रातमावट गिरी थी जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है अब धीरे-धीरे मौसम साफ होने से ठंड में और इजाफा होगा।