विज्ञान नाटिका, गीत, प्रश्न मंच व प्रयोगों में विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज में मंगलवार को विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के अंतर्गत विज्ञान नाटिका, विज्ञान गीत, प्रश्न मंच, विज्ञान के प्रयोग तथा विज्ञान चार्ट जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का परिचय दिया।
आयोजन में विज्ञान के प्रयोग प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज ने प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं विज्ञान चार्ट प्रतियोगिता में भी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता में पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान गीत प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय गैरतगंज ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर प्रथम स्थान पर रहा, जबकि सांदीपनि विद्यालय गैरतगंज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, विषयवस्तु और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। चयनित सभी प्रतिभागियों को आगामी 23 दिसंबर 2025 को आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी मेले में भाग लेने हेतु शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षकों एवं आयोजकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ नवाचार की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं।