– दिन में कई बार आती जाती है बिजली, व्यापारियों का हो रहा है धंधा चौपट
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली की कटौती से खासे परेशान हैं। बिजली उपभोक्ताओं को शासन द्वारा जारी किए गए निर्देश के मुताबिक बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।वहीं बिजली की कटौती से लोग त्रस्त हैं। सरकार जिस हिसाब से बिजली सप्लाई का दावा करती है उस हिसाब से बिजली नहीं मिल पा रही है। बार-बार बिजली की कटौती से कस्बों की पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। आटा चक्की बंद हो जाने से लोगों में काफी रोष व्याप्त हो रहा है।
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, बरजोरपुर, कुल्हाड़ीया, नर खेड़ा , सरार, कायमपुर, संग्रामपुर, मुस्काबाद, सत्ती, बांसिया, काली टोर, पिपरई, मुनारा, खेड़ा, टपरा, बरजोर पुर, जमुनिया, नीनोद आदि दो दर्जनों से अधिक गांवों में दिन में कई बार बिजली आती जाती है। आए दिन हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण त्रस्त हो चुके हैं। विद्युत कटौती का कोई समय निर्धारित नहीं है, बिजली कब आती है और कब चली जाए इसका भरोसा नहीं है। लोगों ने कई बार मांग की है कि विद्युत कटौती का समय निर्धारित किया जाए, लेकिन आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बिजली की कटौती को लेकर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों की अनदेखी चिंता का बिषय है क्योंकि बिजली की किल्लत के साथ-साथ पीने के पानी की भी समस्या उत्पन्न हो जाती है और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। विद्युत उपभोक्ताओं ने मांग की है कि शीघ्र ही बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाए। जिससे लोगों को इस परेशानी से छुटकारा मिल सके। बार-बार बिजली कटौती के कारण बैंकिंग के कार्य प्रभावित हो रहे हैं साथ ही ऑनलाइन पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है।
इनका कहना हे
एक सप्ताह से लगातार दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है जिससे ग्रामीणों का धंधा चौपट हो रहा है। सबसे ज्यादा पेयजल की व्यवस्था डगमगा जाती है
दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक
बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह 6 बजे से ही बिजली काट देते हैं जिससे आम नागरिक परेशान हो रहा है दिन में भी कई बार बिजली की आंख मिचौली चलती रहती है। जिससे व्यापार पर असर पड़ता है।
नंदू साहू स्थानीय निवासी