आज होगा कार्यक्रम का प्रदेशव्यापी शुभारंभ
– कलेक्टर ने किया पोस्टर और संकल्प पत्र का विमोचन
गैरतगंज रायसेन। हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान अभियान का पोस्टर विमोचित, आज होगा कार्यक्रम का प्रदेशव्यापी शुभारंभ 1 सितंबर को सभी स्कूलों में होगा। मप्र शिक्षक संघ की पहल पर शुरू हुए इस अभियान के पोस्टर व संकल्प पत्र का विमोचन जिला कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से भेंट कर कार्यक्रम का पोस्टर एवं संकल्प पत्र भेंट किया।
हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान नामक यह महत्वाकांक्षी अभियान 1 सितंबर से पूरे प्रदेश के शासकीय स्कूलों में एक साथ प्रारंभ होगा। इसके लिए संघ ने संकुल स्तर तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। प्रत्येक 8 विद्यालयों के लिए एक संयोजक और दो सह-संयोजक पूर्व से ही नियुक्त किए जा चुके हैं, जो अभियान की निगरानी एवं क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाएंगे। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने पोस्टर व संकल्प पत्र का विमोचन कर शिक्षा विभागीय अधिकारियों व मैदानी अमले को अभियान के सफल संचालन के निर्देश दिए। जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल ने बताया कि 1 सितंबर को सुबह एक ही समय पर प्रदेश भर के लगभग 1 लाख शिक्षक, छात्रों, पालकों और विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में संकल्प पत्र का सामूहिक वाचन करेंगे। इस वाचन के माध्यम से शिक्षा और विद्यालय के प्रति स्वाभिमान, समर्पण और सुधार की भावना को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूर्णतः रचनात्मक, प्रेरणात्मक और छात्र हितकारी है। इस प्रयास को प्रदेश के शिक्षा मंत्री सहित प्रमुख सचिव, सीपीआई, डीपीआई तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहा है और शिक्षक संघ को इसके लिए साधुवाद भी दिया है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यालय परिसर तक सीमित न होकर समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और शालाओं को गौरवपूर्ण स्थान दिलाना है।