–जिला पंचायत के सीईओ की पहल पर पंचायतकर्मियों का ड्रेस कोड
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी में पंचायत विभाग में नए नवाचार की शुरुआत की गई है। इस नए नवाचार में जिले के पिछोर विकासखंड में पंचायत विभाग के पंचायत सचिव और सहायक सचिव गुलाबी शर्ट ब्लैक पैंट में दिखेंगे। पंचायत विभाग में यह पहल स्वैच्छिक तरीके से नए नवाचार के रूप में शुरू किया गया है। इस नई पहल में पंचायत सचिव और रोजगार सहायक गुलाबी शर्ट व ब्लैक पैंट में दिखेंगे। इस नई पहल को प्रारंभ करने के पीछे मंशा है कि हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए लगाए जाने वाले लोक कल्याण शिविर, जनसमस्या निवारण, हितग्राही मूलक शिविर और अन्य शिविरों में जब पंचायत सचिव और रोजगार सहायक दिखे तो वह एक ही ड्रेस में दिखे जिससे हितग्राहियों को उन्हें पहचानने में दिक्कत ना हो और इस डे्रस कोड के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनने के लिए पंचायत सचिव और रोजगार सहायक मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी की पहल पर यह शुरुआत की गई है जिसमें ड्रेस कोड पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों की सहमति के आधार पर चालू किया गया है।
75 ग्राम पंचायतों कर्मचारियों को किया गया सम्मानित-
पिछोर जनपद पंचायत भौंती में 75 ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट करने वाले कार्य करने वाले पंचायत सचिव और रोजगार सहायक का जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। इस मौके पर यहां पर पंचायत सचिव और रोजगार सहायक ड्रेस कोड में नजर आए। यहां पर पंचायत के इन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उमराव सिंह मरावी ने कहा कि आप जनता के बीच जाकर के जनहितैषी योजनाओं को उन तक पहुंचाएं। इस मौके पर पिछोर जनपद पंचायत के सीईओ पुष्पेंद्र व्यास सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
सीईओ ने कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह-
पंचायत कर्मियों के इस सम्मान समारोह के दौरान जिला पंचायत के सीईओ उमराव सिंह मरावी ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव और रोजगार सहायक अति महत्वपूर्ण कर्मचारी हैं। सभी कर्मचारियों में एकता और उत्साह बना रहे इसलिए सभी ने सहमति के आधार पर यह ड्रेस कोड बनाया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि अपने ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन उसके लिए सभी आपस में एकजुटता के साथ काम करें। जनहित की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाएं।