हरियाणा और पंजाब में रविवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा तथा ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। न्यूनतम तापमान जहां पिछले एक पखवाड़े से अधिकांश स्थानों पर सामान्य से नीचे चल रहा है वहीं अधिकतम तापमान में भी पिछले एक सप्ताह से तेजी से गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार सुबह हरियाणा और पंजाब में अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। हाल के दिनों में इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा है। इस बीच हरियाणा का हिसार कड़ाके की ठंड वाला स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम रिपोर्ट के मुताबिक सिरसा में भी कड़ाके की ठंड रही जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रोहतक में 3.8 डिग्री सेल्सियस नारनौल में तीन डिग्री सेल्सियस जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में आदमपुर में कड़ाके की ठंड रही जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रूपनगर में भी कड़ाके की ठंड पड़ी जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.4 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस पटियाला में 4.3 डिग्री सेल्सियस अमृतसर में 6.6 डिग्री सेल्सियस पठानकोट में 6.6 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में 5.6 डिग्री सेल्सियस जबकि मोहाली में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों में चंडीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आई है जो अधिकतर स्थानों पर 11 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।