तारकेश्वर शर्मा बम्होरी रायसेन
चोर पिपरिया आज पूरी तरह भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर नजर आया। गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं श्री यज्ञ नारायण महोत्सव में उस समय भक्तिमय माहौल और भी दिव्य हो गया, जब सिलवानी बेगमगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र पटेल श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कथा स्थल पहुंचे। विधायक के आगमन पर आयोजन समिति और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और जयघोषों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरा कथा पंडाल “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के उद्घोष से गूंज उठा।

विधायक देवेंद्र पटेल ने कथा व्यास की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कथा वाचक महाराज का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, किसानों की खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सेवा, सद्भाव और एकता का संदेश देने वाला पवित्र माध्यम है।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे।
इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में भाव-विभोर नजर आए।

विधायक देवेंद्र पटेल ने यज्ञ नारायण की परिक्रमा कर क्षेत्र की उन्नति, जनता के सुखद भविष्य और किसानों की समृद्धि की प्रार्थना भी की। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने विधायक के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और पूरा आयोजन भक्ति, उत्साह और जनसमर्थन का अद्भुत संगम बन गया।
इस अवसर पर राजा धर्मवीर सिंह चुह्नेठिया, विश्वनाथ पटेल, अजय रघुवंशी, भरत पटेल, कुंवर सुरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।