समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो महिला एवं बाल विकास कार्यालय का होगा घेराव
सुरेंद्र जैन धरसीवा
महिला एवं बाल विकास विभाग धरसीवां-2 में ई केवाईसी प्रक्रिया को लेकर अव्यवस्था और महिलाओं को हो रही परेशानी का मामला सामने आया है। मंडल कांग्रेस कमेटी धरसीवां के अध्यक्ष साहिल खान ने इस संबंध में परियोजना अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि ई केवाईसी के नाम पर क्षेत्र की महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है और उन्हें बार-बार कार्यालयों तथा च्वाइस सेंटरों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को अनावश्यक मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई महिलाएं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने को मजबूर हैं, बावजूद इसके उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
साहिल खान ने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी विभाग के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि E-KYC प्रक्रिया स्पष्ट रूप से शुरू नहीं होने के कारण भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिसका खामियाजा आम महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।
मंडल कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से ई – केवाईसी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाए और महिलाओं को भटकाने की स्थिति समाप्त की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो महिला एवं बाल विकास विभाग धरसीवां-2 कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।