रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र प्रगति बाजार की हालत एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। हाल ही में हुई हल्की बूंदाबांदी ने ही बाजार की सड़कों और व्यवस्थाओं की सच्चाई सामने ला दी।
बारिश के बाद बाजार में जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति तब है जब पिछले 4 वर्षों में शहर के विकास के नाम पर लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का अभाव है और कई जगहों पर अधूरे या कमजोर निर्माण कार्य किए गए हैं। प्रगति बाजार जैसे व्यस्त इलाके में ऐसी बदहाली न केवल व्यापार को प्रभावित कर रही है, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए,सड़कों का स्थायी समाधान किया जाए,विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच हो
अब देखना यह है कि प्रशासन इन समस्याओं पर कब तक ठोस कदम उठाता है या फिर यह मुद्दा भी अन्य शिकायतों की तरह अनदेखा रह जाता है।