सी के पारे
रायसेन। ब्राह्मण समाज रायसेन के तत्वावधान में भगवान श्री परशुराम प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन रविवार 19 अप्रैल 2026 को किया जा रहा है। यह शोभायात्रा प्रातः 8 बजे गंज बाजार स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर वार्ड नंबर 4 रामपुर मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न होगी।
ब्राह्मण समाज द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री परशुराम प्राकट्योत्सव को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में समाज के सभी लोगों के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा।

भगवान श्री परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। वे ज्ञान, पराक्रम, तपस्या और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं। भगवान परशुराम ने अन्याय और अधर्म के खिलाफ संघर्ष कर समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनका जीवन हमें साहस, कर्तव्यनिष्ठा और धर्मपालन की प्रेरणा देता है।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अवधेश दीक्षित ने समाज के सभी बंधुओं से निवेदन किया है कि वे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित होकर शोभायात्रा और आयोजन को सफल बनाएं तथा भगवान श्री परशुराम के प्राकट्योत्सव को उत्साहपूर्वक मनाएं।
कार्यक्रम के अंत में वार्ड नंबर 4 स्थित रामपुर मंदिर में समापन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी समाजजनों से सहपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।