सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के क्रान्तिकारी किसान संगठन मध्य भारत द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंकित जैन को ज्ञापन क्रांतिकारी किसान संगठन के अध्यक्ष मुकेश धाकड़ के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने सौंपा जिसमें किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
संगठन ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम कहूला के किसान दिनेश गौर, सुनील गौर और ब्रजेश गौर की खड़ी गेहूं की फसल में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। इस आगजनी में फसल के साथ कृषि उपकरण भी जल गए, जिससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इसके अलावा संगठन ने गेहूं, चना और मसूर की फसलों का समर्थन मूल्य पर शीघ्र उपार्जन शुरू करने की मांग की है, ताकि किसानों को समय पर अपनी उपज का लाभ मिल सके।
किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सोसायटी के ऋण भुगतान की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तक बढ़ाने और बिना ब्याज के ऋण जमा करने की अनुमति देने की भी मांग की गई है। संगठन का कहना है कि फसल उपार्जन में देरी के कारण किसान समय पर ऋण नहीं चुका पा रहे हैं।
ज्ञापन में मूंग की फसल की सिंचाई के लिए नलकूप खनन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी शामिल है। संगठन ने कहा कि किसानों को अपनी कृषि भूमि पर नलकूप खनन की अनुमति दी जाए और इस संबंध में किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए।
इसके साथ ही कृषि उपज की तौल पूर्व वर्षों की तरह धर्मकांटे पर ही कराने, खाद यूरिया एवं डीएपी की वितरण प्रणाली को जिले के बजाय तहसील स्तर पर लागू करने की मांग भी उठाई गई है।
एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे में संगठन ने बताया कि धारा 250 के तहत आदेश होने के बावजूद किसानों को भूमि का कब्जा नहीं मिल रहा है। अवैध कब्जाधारी शासन के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं और वैध भूमि स्वामियों को धमका रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जाधारियों को बेदखल करने की मांग की गई है।
किसान संगठन ने प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि किसानों को राहत मिल सके।