हाईवे 18 पर ‘भारी ट्राला’ बना मुसीबत, पंचायत का गेट हाईवे से हटकर निकाला रास्ता – 15 किमी में लगे 4 दिन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब भारी भरकम सामान से लदा एक ट्राला दीवानगंज क्षेत्र में बार-बार जाम का कारण बन गया। फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज पर पंचायत के मुख्य द्वार के कारण ट्राला आगे नहीं बढ़ सका, जिसके चलते जेसीबी की मदद से मुख्य द्वार को हटाना पड़ा, तब जाकर ट्राला आगे निकल पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला इतना बड़ा और ऊंचा था कि हाईवे पर लगे साइन बोर्ड और अन्य ढांचों से टकराने के कारण उसे बार-बार रुकना पड़ रहा था। इससे पूरे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्राला चालक ने बताया कि सुखी सेवनिया बायपास रोड बंद होने के कारण उसे मजबूरन दीवानगंज होते हुए मंडीदीप की ओर जाना पड़ रहा है। उसने बताया कि सिर्फ सुखी बायपास से दीवानगंज तक के करीब 15 किलोमीटर के सफर में ही उसे 4 दिन लग गए।
चालक ने आशंका जताई कि आगे भी इसी तरह की दिक्कतें आती रहीं तो मंडीदीप पहुंचने में और कई दिन लग सकते हैं। हाईवे 18 पर इस तरह के भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार जाम की स्थिति बन रही है, जिससे यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों की मांग
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए और हाईवे पर लगे अवरोधों को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचा जा सके।