मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। वहीं नीनोद गांव में देर शाम हुई ओलावृष्टि ने हालात और खराब कर दिए।

ग्रामीणों के अनुसार, नीनोद गांव में गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी गेहूं, चना और सरसों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई किसानों की फसलें पूरी तरह से बिछ गईं, जिससे उत्पादन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के समय पर हुई इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
किसानों ने प्रशासन से तत्काल नुकसान का सर्वे कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम के इस बदले मिजाज से किसान काफी चिंतित हैं और आगे भी मौसम खराब रहने की आशंका जताई जा रही है।