अब 10 अप्रैल से होगी खरीदी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज सोसाइटी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर एक बार फिर तारीख बढ़ाए जाने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लगातार दूसरी बार तारीख आगे बढ़ने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि एक तरफ मौसम लगातार खराब बना हुआ है, जिससे बारिश और आंधी का खतरा फसलों पर मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार खरीदी प्रक्रिया शुरू करने में देरी कर रही है। इससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
कई किसानों ने बताया कि उन्होंने गेहूं की फसल काटकर खेतों और खलिहानों में तैयार रखी हुई है, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होते ही तुरंत बेच सकें। लेकिन तारीख बढ़ने के कारण उन्हें फसल खराब होने का डर सता रहा है।
किसानों का यह भी कहना है कि यदि जल्द खरीदी शुरू नहीं की गई तो बारिश या खराब मौसम की वजह से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। ऐसे में उन्होंने सरकार से मांग की है कि गेहूं खरीदी प्रक्रिया को बिना और देरी के तुरंत शुरू किया जाए, ताकि उन्हें नुकसान से बचाया जा सके।
राज्य सरकार द्वारा पहले 1 अप्रैल से खरीदी होना थी लेकिन अब 10 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का आदेश आया है। 10 तारीख से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी प्रारंभ होगी।
देवेंद्र मीणा समिति प्रबंधक दीवानगंज