गैस सिलेंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की समस्या को लेकर कांग्रेस का 30 मार्च को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
भोपाल । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महंगाई और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर 30 मार्च 2026 (सोमवार) को पूरे प्रदेश में जिला एवं तहसील स्तर पर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले द्वारा जारी निर्देश में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जारी पत्र के अनुसार, वर्तमान में गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम, बिजली दरों में वृद्धि और पेट्रोल-डीजल की कमी से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार, पार्टी ने तय किया है कि इन मुद्दों के विरोध में प्रत्येक जिले और तहसील मुख्यालय पर प्रभावी तरीके से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। साथ ही कलेक्टर एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आमजन की समस्याओं का समाधान करने की मांग की जाएगी।
कांग्रेस ने अपने सभी जिला प्रभारी, जिला/शहर/ब्लॉक अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस आंदोलन को सफल बनाएं। पार्टी ने यह भी निर्देश दिया है कि कार्यक्रम के बाद उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाए।
इस विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस इसे जनहित के मुद्दों पर बड़ा जनआंदोलन बनाने की तैयारी में जुटी है।