मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र में भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर बनाए गए बस प्रतीक्षालय अब यात्रियों की सुविधा के बजाय असामाजिक तत्वों का अड्डा बनते जा रहे हैं। फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज और सेमरा-छोला रोड के पास बने प्रतीक्षालयों में देर रात तक कुछ लोग बैठकर शराब पीते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय प्रतीक्षालय के अंदर शराब पीकर बोतलें और गंदगी वहीं छोड़ दी जाती है। सुबह जब यात्री बस का इंतजार करने पहुंचते हैं तो अंदर शराब की खाली बोतलें और गंदगी पड़ी रहती है, जिससे बैठना मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को मजबूर होकर प्रतीक्षालय के बाहर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इन प्रतीक्षालयों का निर्माण यात्रियों की सुविधा के लिए किया गया था, लेकिन देखरेख और निगरानी के अभाव में असामाजिक तत्वों ने इन्हें अपना अड्डा बना लिया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि प्रतीक्षालयों की नियमित निगरानी की जाए, साफ-सफाई कराई जाए और रात के समय गश्त बढ़ाई जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ सुविधा मिल सके।