– दीवानगंज सोसाइटी में दिनभर बैठे रहे किसान, एक हजार किसानों के हुए पंजीयन 600 से 700 अभी भी बाकी शनिवार को आखिरी तारीख पंजीयन की
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए किसानों का पंजीयन इन दिनों चल रहा है, लेकिन पंजीयन वेबसाइट धीमी चलने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को दीवानगंज सोसाइटी में सुबह 10 बजे 30 से 40 किसान पंजीयन कराने पहुंचे, लेकिन साइट ठीक से नहीं चलने के कारण शाम 4 बजे तक अधिकांश किसानों का पंजीयन नहीं हो सका।
सोसाइटी कर्मचारी का कहना है कि हर साल दीवानगंज क्षेत्र में लगभग 1600 से 1700 किसानों का पंजीयन होता है, लेकिन इस बार अब तक करीब 1000 किसानों का ही पंजीयन हो पाया है। अभी भी लगभग 600 से 700 किसान पंजीयन से वंचित हैं।
शुक्रवार को सोसाइटी में मालम सिंह लोधी, कुंदन लाल पंथी, अजय ठाकुर, अशोक लोधी, इमरत सिंह लोधी, कालूराम लोधी, संतोष लोधी, विजय सिंह लोधी सहित कई किसान सुबह से शाम तक पंजीयन के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन साइट स्लो होने के कारण उनका काम नहीं हो पाया।
किसानों ने बताया कि पंजीयन की आखिरी तारीख शनिवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान पंजीयन नहीं करा पाएंगे, जिससे उन्हें समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने में परेशानी हो सकती है।
किसानों ने सरकार से मांग की है कि पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च तक की जाए, ताकि बाकी बचे किसानों का भी पंजीयन हो सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पंजीयन साइट स्लो चलने के कारण किसानों के पंजीयन नहीं हो पा रहे हैं किसानों की दिनभर सोसाइटी में भीड़ लगी रहती है। शनिवार को पंजीयन की आखिरी तारीख है इस समय कई किसान पंजीयन से वंचित रह जाएंगे।
देवेंद्र मीणा प्रबंधक सोसाइटी दीवानगंज
किसान रोज सुबह आकर सोसाइटी में पंजीयन के लिए बैठ जाते हैं लेकिन पंजीयन स्लो चलने के कारण कई किसान शाम 4 बजे के बाद वापस चले जाते हैं। इस साल कई किसान बगैर पंजीयन के रह गए हैं। इसलिए सरकार को पंजीयन की तारीख आगे बढ़ा देना चाहिए ताकि सभी किसानों के पंजीयन हो सके।
अजय रैकवार सह प्रबंधन सोसाइटी दीवानगंज