रायसेन। डाइट सभागार में सेवा भारती द्वारा फूलों की होली एवं महिला भजन मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की 10 एवं 5 ग्रामीण क्षेत्र की भजन मंडलियों ने सहभागिता कर भक्तिमय प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में सविता सेन, समाजसेवी श्रीमती मीता वाधवा (भोपाल) एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान श्रीमती किरण प्रसाद उपस्थित रहीं।

अपने उद्बोधन में डॉ. किरण शेजवार ने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेवा भारती प्रतिवर्ष ऐसे आयोजनों के माध्यम से सनातन परंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है।
नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यहै पर्व हमें पुराने मतभेद भुलाकर नई शुरुआत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि फूलों की होली प्रकृति के प्रति सम्मान और सौहार्द का संदेश देती है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
कार्यक्रम में संस्कार केंद्र गोपालपुर द्वारा सामाजिक विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। निर्णायक मंडल में अनिल चौरसिया, पं. दुर्गा महाराज एवं श्रीमती सरिता शर्मा ने भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में गंजबाजार भजन मंडली प्रथम, वार्ड 11 मुखर्जी नगर द्वितीय एवं सलामतपुर तृतीय स्थान पर रही। हाउसिंग बोर्ड भजन मंडली को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। शिवगोमती जनकल्याण समिति बारला द्वारा सभी प्रतिभागी महिलाओं को साड़ियाँ भेंट की गईं।

अंत में महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन हरीश मिश्रा द्वारा किया गया।