रायसेन ।जिले के बाड़ी स्थित प्रसिद्ध हिंगलाज माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जितेंद्र उर्फ जतिन उर्फ कान्हा सिकलीगर पर मध्य प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों में चोरी, नकबजनी और लूट के कुल 15 मामले दर्ज हैं।
घटना 22-23 फरवरी 2026 की दरमियानी रात की है, जब अज्ञात चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर दान पेटी से नकदी और माताजी के चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। मंदिर के गुरुजी रविंद्र कुमार चौबे की रिपोर्ट पर बाड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर, एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने टीम के साथ जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी जितेंद्र उर्फ जतिन उर्फ कान्हा सिकलीगर (33) को गिरफ्तार किया गया। वह इंदौर के द्वारिकापुरी आकाश नगर का निवासी है और वर्तमान में देवास के सतवास में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर चोरी किया गया चांदी का मुकुट और नकदी जब्त की। आरोपी को न्यायालय बरेली में पेश किया गया। जितेंद्र उर्फ जतिन उर्फ कान्हा सिकलीगर के खिलाफ पहले से ही मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट के कुल 15 अपराध दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, संजय यादव, विनीता विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह और की महत्वपूर्ण भूमिका रही।