रंजीत गुप्ता शिवपुरी
मध्य प्रदेश के शिवपुरी के लिए यह एक उल्लेखनीय क्षण है। अधिवक्ता यशस्वी एसके चौकसे ने जून 2025 में आयोजित Supreme Court of India की एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड (AoR) परीक्षा उत्तीर्ण की है। वे शिवपुरी से इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास करने वाले पहले अधिवक्ता हैं।
यशस्वी चॉकसे ने विधि की शिक्षा Campus Law Centre, Faculty of Law, University of Delhi से प्राप्त की। विधि अध्ययन के दौरान ही उन्होंने संवैधानिक और अपीलीय विधि में गंभीर रुचि विकसित की, जिसने आगे चलकर उनके पेशेवर पथ को दिशा दी।
AoR परीक्षा सुप्रीम कोर्ट में प्रक्रियात्मक जिम्मेदारियों से जुड़ी एक विशेष योग्यता है, जिसके माध्यम से अधिवक्ता को न्यायालय में वाद दायर करने और रिकॉर्ड पर अधिकृत रूप से कार्य करने का अधिकार प्राप्त होता है। सीमित संख्या में अधिवक्ता ही प्रत्येक वर्ष इस परीक्षा को उत्तीर्ण कर पाते हैं।
केवल AoR ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका, अपील या विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर कर सकता है। बिना AoR के हस्ताक्षर के कोई भी मामला सूचीबद्ध नहीं किया जाता।
शिवपुरी जैसे शहर से राष्ट्रीय स्तर की न्यायिक प्रक्रिया में यह प्रतिनिधित्व निस्संदेह स्थानीय विधि समुदाय के लिए प्रेरक है। यशस्वी चॉकसे की यह उपलब्धि संयमित परिश्रम और निरंतर साधना का परिणाम है—जो यह दर्शाती है कि समर्पण के साथ छोटे शहरों से भी सर्वोच्च मंच तक पहुँचा जा सकता है।