सी के पारे भोपाल
भोपाल में शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद प्रशासनिक हलकों में उस समय हलचल बढ़ गई जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी कार्यालयों में समय पालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय, सतपुड़ा भवन, विंध्याचल भवन सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा ए।

सूत्रों के अनुसार, कई विभागों में औचक निरीक्षण की तैयारी भी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कार्यालय समय का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आमजन के कार्य समय पर पूरे हों और किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में उपस्थिति रिकॉर्ड की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। सरकार का उद्देश्य शासकीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता को समय पर और बेहतर सेवाएं मिल सकें।