सी के पारे रायसेन
मंडीदीप रायसेन ।मंडीदीप के औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति अब गंभीर समस्या बनती जा रही है। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे की आशंका और बढ़ गई है।
औद्योगिक क्षेत्र से रोजाना सैकड़ों भारी वाहन, ट्रक, टैंकर और दोपहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत लंबे समय से नहीं की गई है। दोपहिया चालक कीचड़ और पानी से भरे गड्ढों से बचते-बचाते निकलने को मजबूर हैं। कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय श्रमिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में गड्ढों से भरी सड़क पर जान जोखिम में डालकर गुजरते वाहन चालक।