– मंदिर प्रांगण में चल रहा प्रतिदिन भंडारा
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील के सुप्रसिद्ध सिद्ध स्थल पठरिया धाम में इन दिनों आध्यात्म की बयार बह रही है। बीते सात दिनों से यहाँ 26वें विशाल श्री विष्णु महायज्ञ के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। अपनी दिव्यता और चमत्कारों के लिए प्रसिद्ध इस धाम पर श्रद्धा का ऐसा संगम है कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बालाजी रामरसिया सरकार के दर्शन को उमड़ रहे हैं।
महायज्ञ के छठवें दिन सुप्रसिद्ध कथावाचक संत विपिन बिहारी महाराज का मंगल आगमन हुआ। महाराज जी ने बालाजी सरकार का आशीर्वाद लेकर श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने का पाथेय दिया। आयोजन के दौरान क्षेत्र के अनेक साधु-संतों का सानिध्य भी भक्तों को प्राप्त हो रहा है। पठरिया धाम की ख्याति अब केवल स्थानीय न रहकर पूरे मध्यप्रदेश में फैल चुकी है। मंदिर समिति के अनुसार कार्यक्रम में विशेष योगदान ग्राम जमुनिया कलां, खमरियागंज, समनापुर कलां और बिलबानी सहित आसपास के ग्रामीणों का रहता है। भक्तों का मानना है कि दरबार से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। इसी जन-आस्था का परिणाम है कि कुछ ही वर्षों में यह प्रांगण सर्वसुविधायुक्त बन गया है।बीते 2 फरवरी से शुरू हुए इस महायज्ञ का समापन 10 फरवरी, मंगलवार को होगा। इस दिन महायज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। मंगलवार का दिन होने के कारण धाम पर विशेष मेला और दर्शन की व्यवस्था की गई है। ”श्रद्धा और सेवा का संगम ही पठरिया धाम की असली पहचान है। यहाँ आने वाला हर भक्त शांति और आशीर्वाद लेकर ही लौटता है।”