सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम जमुनिया कलां स्थित परम पावन धाम श्री सिद्धपीठ रामरसिया दरबार पठरिया धाम इन दिनों आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। ब्रह्मलीन श्री 1008 बाबा श्यामदास महाराज की पावन प्रेरणा से आयोजित 26वां श्री विष्णु महायज्ञ पूरी भव्यता के साथ जारी है, जिसमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी आस्था के पुष्प अर्पित करने पहुँच रहे हैं।
2 फरवरी से प्रारंभ हुआ यह महायज्ञ 10 फरवरी 2026 तक चलेगा। आयोजन के दौरान पूरा वातावरण मंत्रों की ध्वनि से गुंजायमान है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘अखंड श्री सीताराम संगीतमय संकीर्तन’ और भजन कार्यक्रम है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन किया गया है, जो ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए विशेष उत्साह का केंद्र बना हुआ है। मंदिर के पंडा भारत सिंह ने बताया कि यहाँ हनुमानजी महाराज की विशेष कृपा है और प्रत्येक मंगलवार को श्री सिद्धपीठ रामरसिया सरकार का विशेष दरबार लगता है।

संत समागम: रायगढ़ से गुरुमाता हँसमति जी का आगमन
महायज्ञ में संतों के सान्निध्य ने श्रद्धालुओं के उत्साह को दोगुना कर दिया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ स्थित सिद्ध धाम श्री सत्यनारायण बाबा धाम (रायगढ़) से गुरुमाता हँसमति जी का मंगल आगमन हुआ। गुरुमाता के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
क्षेत्र की खुशहाली की कामना
इस महायज्ञ का उद्देश्य क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण है। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री रामरसिया सरकार सिद्धपीठ की पूरी टीम और सेवादार मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है।