सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेगमगंज की ओर जा रहे एक लाइसेंसी शराब ठेकेदार के कर्मचारियों को फिल्मी अंदाज में दो गाड़ियों से घेर लिया गया। हमलावरों ने ग्राम आलमपुर के पास वाहन को रोककर न केवल अड़ीबाजी की, बल्कि लाठियों और डंडों से कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई भी कर दी। इस हमले में ठेकेदार की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है और एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार शराब ठेकेदार के तीन कर्मचारी—कमलेश राय, नीलेश यादव और राजेश बघेल—बोलेरो से बेगमगंज की ओर जा रहे थे। तभी एक बिना नंबर की बोलेरो और अर्टिका MP 04 CU 5709 ने उनका पीछा शुरू किया। हमलावरों ने रास्ते में कई बार टक्कर मारने की कोशिश की। खतरा भांपकर कर्मचारियों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और जान बचाने के लिए आलमपुर में एक घर के पास वाहन खड़ा कर दिया। पीछा कर रही गाड़ियों से उतरे हमलावरों ने तुरंत घेरकर मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के कारण हमलावर भागने पर मजबूर हुए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कुछ हमलावरों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर अर्टिका सवार दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 5 नाबालिग युवकों और दुर्गेश यादव निवासी पेनगवां को हिरासत में लिया है। उनके पास से बिना नंबर की बोलेरो और हमले में प्रयुक्त डंडे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 लोगों पर कार्रवाई की है गिरफ्तार आरोपी में दुर्गेश यादव एवं 5 नाबालिग शामिल है। वही अन्य आरोपी राजेश घोषी और शुभम यादव फरार हो गए। मामले में पुलिस ने आरोपियों पर अड़ीबाजी, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई है। इस हमले में कर्मचारी राजेश बघेल को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रायसेन रेफर कर दिया गया है।
अपराध में नाबालिगों का इस्तेमाल: बड़ी चुनौती
क्षेत्र में यह चर्चा का विषय है कि अपराधी अब बेखौफ होकर नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्हें कानून हाथ में लेने की ट्रेनिंग देकर ऐसी वारदातों को अंजाम दिलाया जा रहा है। सरेराह हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।