– प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, भोपाल में 9 दिवसीय खेल आयोजन जारी
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, भोपाल में आयोजित 9 दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव के तृतीय दिवस खेल भावना, जोश और कौशल से भरपूर रहा। बी.एड. एवं एम.एड. के महिला एवं पुरुष छात्राध्यापकों के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन और टीम भावना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

तीसरे दिन की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ संस्थान के संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार के मार्गदर्शन में शिक्षकगणों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया गया। इस अवसर पर डॉ. स्वर्णकार ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना को

भी विकसित करते हैं। भावी शिक्षकों के व्यक्तित्व निर्माण में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। तृतीय दिवस पर विभिन्न सदनों के बीच रस्साकसी एवं खो-खो की रोमांचक प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने दमखम और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान संस्थान के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

खेल प्रभारी अर्चना चौहान ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 9 दिनों तक इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें दौड़, गोला फेंक, रस्सी कूद, क्रिकेट, शतरंज, कैरम, रस्साकसी सहित अनेक खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं महिला एवं पुरुष वर्ग में पृथक-पृथक तथा चार सदनों बेतवा, नर्मदा, ताप्ती एवं चंबल के मध्य आयोजित की जा रही हैं।