सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज, रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से सात महीने पुरानी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सुल्तानगंज पुलिस ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात बरामद करते हुए दो अंतरजिला कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को शिक्षक योगेन्द्र सिंह राजपूत के घर में उस समय चोरी हो गई थी, जब वे प्रशिक्षण पर बाहर थे और उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि ताले टूटे पड़े हैं और पेटी में रखे कीमती जेवरात गायब हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन कई महीनों तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

इसी बीच 06 दिसंबर को पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों पैतान पिता जय सिंह पारदी,दीपेन्द्र पिता उदय पाल पारदी दोनों निवासी ग्राम झिरिया, थाना त्योदा, जिला विदिशा को हिरासत में लिया गया।पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार सोने की चूड़ियां, एक सोने का हार, एक अंगूठी और अन्य कीमती जेवरात बरामद कर लिए, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी श्याम सिंह राजपूत के नेतृत्व मेंएएसआई अमृतलाल, प्रधान आरक्षक सुरेश टांडेलकर, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह, आरक्षक आकाश, गजेन्द्र, मनोज और महिला आरक्षक नोमिता की अहम भूमिका रही।सुल्तानगंज पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि स्थानीय जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है।