रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप में बीती रात मानवता का अनोखा उदाहरण सामने आया, जब भाजपा नेता घनश्याम गोस्वामी ने सड़क हादसे में घायल हुए एक श्रमिक की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11 बजे जिलेटिन चौराहे पर एक व्यक्ति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर मूर्छित अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर भीड़ तो थी, लेकिन कोई तत्काल मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। इसी दौरान नयापुरा की ओर जा रहे भाजपा नेता घनश्याम गोस्वामी ने भीड़ देखकर अपनी गाड़ी रोकी और घटना की जानकारी ली।

मौके पर मौजूद सतलापुर थाने के सिपाही भास्कर भी सहायता में जुटे थे। एम्बुलेंस के समय पर न पहुँच पाने के कारण घनश्याम गोस्वामी ने अपनी निजी कार से घायल श्रमिक को तुरंत मंडीदीप शासकीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
घनश्याम गोस्वामी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि “सड़क हादसे में किसी भी पीड़ित की बिना जान-पहचान के तुरंत मदद करना हम सबका कर्तव्य है।” उनके इस कदम ने समाज में मानवता और सेवा की मिसाल पेश की है।