भारतीय जनता युवा मोर्चा पदाधिकारीयो एवं कार्यकर्ताओं को कार्तिकेय सिंह चौहान एवं जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने दिया मार्गदर्शन
सी एल गौर रायसेन
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में सोमवार को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष एवं युवा कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में सांसद प्रत्याशी शिवराजसिंह चौहान के सुपुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान एवं जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहकर मार्गदर्शन दिया, तथा लोकसभा चुनाव के दौरान युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की चुनाव में क्या भूमिका रहेगी के बारे में विस्तार से बताया। इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी, एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता के छायाचित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुए कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।

बैठक में मौजूद अपेक्षित पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के युवा ऊर्जावान नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि हमारे भारत देश को समृद्ध और विश्व गुरु बनाने के लिए आज के दौर में अहम योगदान की जरूरत है, वर्तमान लोकसभा चुनाव देश को समृद्ध बनाने एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, उनके निर्देशन में हमारा देश निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान युवाओं को जो जिमम्मेदारी दी गई है उसका पूरी सक्रियता के साथ निर्वहन करते हुए चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं वह चुनाव शिवराज सिंह चौहान का ही नहीं हम सब का चुनाव है आप यह मान कर कार्य करें कि हमारा विदिशा संसदीय क्षेत्र पूरे देश में नंबर वन पर रहे। मैं आपके बीच सिर्फ इसलिए ही नहीं आया हूं कि मैं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बेटा हूं मैं आपके बीच एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता के रूप में आया हूं, आपसे विनम्र आग्रह करता हूं कि आप इस लोकसभा में चुनाव मैं पूरी मेहनत के साथ कार्य करते हुए 85 फ़ीसदी मतदान हो और 10 लाख से अधिक मतों से जीत का रिकॉर्ड कायम हो, जिससे पूरे देश में हमारे विदिशा रायसेन संसदीय क्षेत्र का नाम रोशन हो सके। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारीयो एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों के पास पहुंच कर भारत सरकार की योजनाओं की लोगों को जानकारी दें एवं लाभार्थियों के पास भी पहुंचे जिन्हें योजनाओं का लाभ मिला है।

आयोजित की गई बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिले के ऊर्जावान जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से कम करना है और हमारे क्षेत्र से सांसद पद के प्रत्याशी जन-जन के नेता पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस विदिशा रायसेन संसदीय क्षेत्र से 10 लाख से भी अधिक मतों से विजई बनाकर लोकसभा में भेजें, निश्चित तौर पर श्री चौहान को प्रधानमंत्री श्री मोदी जी द्वारा बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी जिससे हमारे संपूर्ण क्षेत्र का चौमुखी विकास होगा। उन्होंने युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि आप पूरी तरह से जिसे जो जिम्मेदारी मिली है उसके लिए वह पूरी तरह से सक्रिय होकर बीएसएफ के जवानों की तरह काम में जुट जाएं। श्री शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार से हमारे पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान सहज एवं सरल स्वभाव के हैं ठीक उसी तर्ज पर हमारे बीच में मौजूद उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी युवा होते हुए बहुत ही सरल स्वभाव के हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाते हुए विदिशा सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने पर जोर दिया । बैठक में मौजूद विदिशा रायसेन के युवा मोर्चा के प्रभारी बलवीर सिंह रघुवंशी एवं युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉक्टर भूपेंद्रसिंह नागर ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में भारतीय जनता युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष एवं अपेक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहे।