अनुराग शर्मा सीहोर
नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, सामूहिकता की भावना जगाने और काम के लिए अच्छा माहौल बनाने के लिए लिए पालिका नई पहल शुरू करने जा रहा है। सभी को राष्ट्रगीत गाना होगा। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि पालिका का निर्णय स्वागत है। सभी पार्षद, क्षेत्रवासी, पालिका के अधिकारी और कर्मचारी का कहना है कि प्रत्येक सोमवार को सुबह दस बजे पालिका में होने वाले राष्ट्रगीत से राष्ट्र की समझ और राष्ट्र प्रेम का विकास होगा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका के द्वारा एक आदेश जारी किया गया है। जिसमें सभी से नगर पालिका सीएमओ योगेन्द्र पटेल ने निकाय के समस्त अधिकारियों, शाखा प्रभारियों, कर्मचारियों को सूचना दी है कि प्रत्येक सोमवार को कार्यालयीन समय सुबह दस बजे कार्यालय में होने वाले राष्ट्रगीत के 15 मिनिट पूर्व उपस्थित होकर राष्ट्रगीत कार्यक्रम में आवश्यक रूप से सम्मिलित होंगे। निर्धारित समय पर कार्यालय न आने और राष्ट्रगीत में शामिल न होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।