– एसडीएम व बीईओ ने किया निरीक्षण
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती बरतते हुए ब्लॉक गैरतगंज में प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन स्कूलों हाईस्कूल हिनोतिया खास, माध्यमिक स्कूल हिनोतिया खास एवं प्राथमिक स्कूल बाँसादेही में समय से पहले ताले लटके मिले, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। इस गड़बड़ी पर संस्था प्रमुख एवं स्टाफ को नोटिस जारी किए गए हैं।
ब्लाक के विभिन्न स्कूलों का एसडीएम अंकित जैन एवं सहायक संचालक व बीईओ आशीषसिंह चौहान ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय से पहले स्कूल बंद पाए गए। इसको गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित स्कूलों के संस्था प्रमुख एवं स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्कूल समय पर नियमित रूप से खुलें और निर्धारित समय पर ही बंद हों। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आगामी दिनों में स्कूलों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी और यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है तथा अन्य स्कूलों में भी समयपालन को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।