दीवानगंज में फिर हादसा: फैक्ट्री चौराहा के पास कार-ऑटो की टक्कर, हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं से लोग परेशान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत फैक्ट्री चौराहा के पास स्थित फॉल्कन गार्डन के समीप एक कार और लोडिंग ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर यह दुर्घटना उस समय हुई जब कार और ऑटो टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को खासा नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन दोनों वाहन चालकों के बीच आपसी समझौता हो जाने के कारण किसी भी पक्ष ने दीवानगंज चौकी में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
गौरतलब है कि भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर दुर्घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। लगभग हर दिन किसी न किसी प्रकार का हादसा सामने आ रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर बेहद परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुखी बायपास बंद होने के कारण पूरा ट्रैफिक अब इसी मार्ग पर आ गया है, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ गया है और दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।